Sunday, March 14, 2010

दलितः राजस्थान-बिहार में सोनिया और मीरा कुमार



(खबर sansadji.com से)

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महादलित कार्ड, रामविलास पासवान के दलित कार्ड, शरद यादव और लालू यादव के पिछेड़-एजेंडे का जवाब कांग्रेस सासाराम से सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की पहचान में ढूंढ रही है। उल्लेखनीय है कि इस समय इस राज्य में पार्टी अजीबोगरीब अंतर्कलह से गुजर रही है। मीरा कुमार को आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में पार्टी के चेहरे के तौर पर पेश करने की रणनीति बनाई जा रही है। पार्टी महासचिव इस राज्य पर निगाहें गड़ाए ही हुए हैं। वह हाल ही में बिहार का व्यस्त दौरा कर अपनी गहरी छाप भी छोड़ चुके हैं। उनकी राजनीति को खास तौर से दलित-उद्धारक की पहचान मिल चुकी है। मीरा कुमार की छवि राहुल गांधी की तरह ही बेदाग है। पार्टी में चुनावी रणनीति तैयार करने वालों का मानना है कि लोकसभा अध्यक्ष पद की गरिमा के मद्देनजर मीरा कुमार चुनाव अभियान में शामिल नहीं हो सकतीं। लेकिन अभियान में उनका नाम जुड़ जाने से कांग्रेस की नई सोशल इंजीनियरिंग सामने आ सकती है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी मई में डूंगरपुर (राजस्थान) जाएंगी और आदिवासी सम्मेलन को सम्बोधित करेंगी। यह सम्मेलन कांग्रेस स्थापना के 125वें वर्ष के मौके पर आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस स्थापना समारोह समिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सी.पी.जोशी ने यह जानकारी दी है। स्थापना वर्ष के आयोजनों के लिए देश को पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण चार क्षेत्र में बांटा गया है। इसमें से पश्चिम क्षेत्र के कांग्रेस जनों का बड़ा सम्मेलन राजस्थान में किया जाएगा।

No comments: